सऊदी अरब में शेख ने उत्तर प्रदेश के मेरठ के सलीम को गुलाम बनाकर रखा हुआ है। एक लाख रुपये लेकर सलीम को नौकरी दिलाने का झांसा देकर सऊदी अरब भेजवाया गया था, जहां उसे शेख के हवाले कर दिया गया है।
वह भारत वापस लौटना चाहता है, लेकिन शेख उसे बंधक बनाकर रखे हुए है और उस पर जुल्म करता है। पीड़ित की पत्नी शाहना ने अपने पति को शेख के चंगुल से छुड़ाकर भारत लाने के लिए डीएम और एसएसपी से गुहार लगाई है।
पीड़ित सलीम (32) कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव नंगलाताशी का रहने वाला है। उसकी पत्नी ने डीएम और एसएसपी को पत्र देकर बताया कि तीन माह पहले सलीम का फैजाबाद निवासी मोनू और सईद से संपर्क हुआ था। दोनों ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सलीम से करीब एक लाख रुपये लिए थे।