बरेली में हुए पुलिस लाठीचार्ज में घायल साध्वी प्राची ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डाली। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ जमकर आग उगली।
आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी हिंदुत्व की लड़ाई में युवाओं को पीछे हटने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। दावा किया कि मुजफ्फरनगर दंगा नहीं होता तो प्रदेश में भाजपा की 73 सीटें नहीं आतीं। अब हिंदू लड़कियों से छेड़छाड़ और धर्म परिवर्तन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसके बाद भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हिंदुत्व के मुद्दे पर बैक फुट पर हैं।
उनके पास कोई रणनीति नहीं
साध्वी प्राची ने आरोप लगाया कि बेटी बचाओ अभियान में भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दिलचस्पी नहीं है। ये लोग सिर्फ महिलाओं की वोट लेना जानते हैं। बेटियों को बचाने की लड़ाई लड़ने के लिए उनके पास कोई रणनीति नहीं है। प्रदेश में दलितों के साथ अन्याय हो रहा है। 800 वाल्मीकियों के धर्म परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कुछ नहीं कर रहे हैं। प्राची ने कहा कि ठीक होते ही शेरगढ़ के पहाड़पुर गांव जाऊंगी।