पूर्व मुख्य न्यायाधीश राजिंदर सच्चर ने मुजफ्फरनगर दंगों के आरोपी को लोकसभा टिकट देने पर बुधवार को राजनीतिक दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टियों का यह कृत्य शर्मनाक है।
सच्चर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन लोगों के खिलाफ दंगों को लेकर मुकदमे चले हों, उन्हें लोकसभा का टिकट दे दिया गया है। यह सब राजनैतिक पार्टियों की मानसिकता को ही दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि दंगों के दो आरोपी हुकुम सिंह और कादिर राणा आगामी लोकसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमाएंगे। कैराना के विधायक सिंह इसी संसदीय सीट पर भाजपा के उम्मीदवार होंगे।
मुजफ्फरनगर के बसपा सांसद कादिर राणा को पार्टी ने फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। सिंह और राणा पर मुजफ्फरनगर में भड़काऊ भाषण देकर दंगे भड़काने के आरोप हैं।
मुजफ्फरनगर दंगों पर एक रिपोर्ट जारी होने के दौरान सच्चर ने यह निराशा प्रकट की। रिपोर्ट ‘फोरम फार डेमोक्रेसी एंड कम्युनल एमिटी’ ने पेश की है।