राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अयोध्या में रामजन्म भूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाएगा। सर संघचालक मोहन भागवत ने साफ तौर पर कहा है कि हिंदू समाज अब सरकार की मजबूरियों को नहीं ढोएगा। मंदिर निर्माण का मसला बातचीत या आंदोलन के जरिए हल किया जाएगा।
वाराणसी के निवेदिता शिक्षा सदन में चल रही आरएसएस की वार्षिक योजना बैठक में अंतिम दिन राममंदिर मुद्दे पर संघ प्रमुख ने अपना नजरिया स्पष्ट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की चाहे जो मजबूरी हो लेकिन यह सच है कि उसे जनमत मंदिर निर्माण के लिए भी मिला है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण की रणनीति तय करने के लिए नौ जुलाई को अयोध्या में संघ की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में संघ की दूसरी पंक्ति के पदाधिकारी और प्रशिक्षित कार्यकर्ता आगे की रणनीति पर मंथन करेंगे।