भारत के इतिहास में यह लोकसभा चुनाव सबसे महंगा साबित होगा। अनुमान है कि इस बार के चुनाव में लगभग 30 हजार करोड़ खर्च होंगे। खर्च के लिहाज से 16वीं लोकसभा चुनाव विश्व का दूसरा सबसे महंगा चुनाव होगा। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति के चुनाव में कुल सात बिलियन डॉलर (42 हजार करोड़) खर्च हुआ था जो विश्व का सबसे महंगा चुनाव साबित हुआ था।
सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज के अध्ययन से खुलासा हुआ है कि 543 सांसदों को चुनने में आए खर्च का ग्राफ इसलिए बढ़ा है क्योंकि करोड़पति प्रत्याशी, कॉर्पोरेट्स व कांट्रैक्टर्स इतना पैसा बहा रहे हैं, जिसका कोई लेखा जोखा नहीं है।
हालांकि कुल 30 हजार करोड़ में से सरकारी खजाने से सात-आठ हजार करोड़ के बीच खर्च होने का अनुमान है। अनुमान है कि चुनाव आयोग इस बार के लोक सभा चुनाव में 3,500 करोड़ रुपये का खर्च करेगी। लगभग इतना ही पैसा गृह मंत्रालय, भारतीय रेलवे, अन्य सरकारी एजेंसियां और राज्य सरकारें खर्च करेंगी ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से करवाया जा सके।