अजमेर केन्द्रीय कारागार के कैदी इस कड़ाके की सर्दी में अधिकारियों की नाक के नीचे सर्दी में रूम हीटरों का आनन्द ले रहे थे कि बिजली के बिल ने उनकी सारी पोल खोल दी।
हुआ यूं कि इस बार कारागार का बिजली का बिल सबसे अधिक करीब 4 लाख रुपए आया, तो जेल अधिकारियों का माथा ठनका। तलाशी ली गई, तो दो दर्जन से अधिक रूम हीटर, मोबाइल, मोबाइल चार्जर एवं अन्य बिजली के उपकरण बरामद हुए।
एक प्रहरी को निलम्बित भी कर दिया गया है। अब अघोषित सुविधाएं छिन जाने पर कुछ दबंग कैदियों ने भूख हड़ताल कर रखी है।
कारागार के अधीक्षक वासुदेव के अनुसार पिछले बिजली के बिलों के मुकाबले करीब डेढ़ गुना आधिक बिल आने पर जेल प्रशासन को शक हुआ, तो तलाशी अभियान चलाया गया।