फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्व राज्य मंत्री ने आधी रात को सीएमओ को घर से उठाया

Wed, 10 Oct 2012 01:28 AM IST
गोंडा/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
 संविदा के आधार पर तैनात होने वाले डॉक्टरों की सूची में अपनों का नाम न होने से नाराज राजस्व, अभाव-सहायता व पुनर्वास राज्य मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने सोमवार रात को जमकर उत्पात मचाया। मंत्री ने ऑफिसर्स कालोनी पहुंचकर सीएमओ डॉ. एसपी सिंह से गाली गलौज की और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर सीएमओ ऑफिस ले गए। जबरन दफ्तर खुलवाया और नियुक्ति की फाइलें खंगालीं। किसी तरह सीएमओ ने डीएम व एसपी को घटना की सूचना दे दी। इसके बाद सीएमओ को कड़ी सुरक्षा में लखनऊ भेज दिया गया।
विज्ञापन


सोमवार को परिणाम जारी होने के करीब 15 मिनट बाद ही रात 11:45 बजे राजस्व अभाव, सहायता व पुनर्वास राज्य मंत्री विनोद कुमार सिंह समर्थकों समेत सीएमओ डॉ. एसपी सिंह के ऑफिसर्स कालोनी स्थित आवास पर आ धमके। सीएमओ के दरवाजा खोलते ही मंत्री ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि उन्हें दिखाए बगैर सूची कैसे जारी कर दी गई। सूची में उनके आदमियों के नाम क्यों नहीं शामिल किए गए।

सीएमओ कुछ सफाई देते, इससे पहले मंत्री के समर्थकों ने उन्हें गाड़ी में लाद लिया। मंत्री अपने लाव-लश्कर के साथ उन्हें लेकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे और ऑफिस खुलवाया। इसके बाद नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े दोनों बाबुओं की खोजबीन शुरू हुई। मंत्री ने दोबारा सीएमओ को अपनी गाड़ी में बैठाया और सीएमओ के स्टेनो संजय गुप्ता और एनआरएचएम की नियुक्ति का काम संभाल रहे मनोज कुमार के घर पहुंचे और उनसे नियुक्ति संबंधी दस्तावेज मांगे।
विज्ञापन


बाबुओं ने मंत्री को बताया कि दस्तावेज सीएमओ के कैंप ऑफिस में हैं। इस पर मंत्री सीएमओ व दोनों क्लर्कों को लेकर सीएमओ आवास स्थित कैंप कार्यालय पर दोबारा आ धमके। फाइल मिलने के बाद उन्होंने अपने आदमियों को शामिल करते हुए नई सूची तैयार करने का फरमान सुना दिया। आवास पर कंप्यूटर न होने के कारण मंत्री ने सीएमओ को घर में ही रहने की धमकी देते हुए कहा कि हम सूची बनवाकर लाते हैं, तब तक आप यहीं रहिए। इसके बाद वे क्लर्कों को लेकर चले गए।

इस बीच, मौका पाकर सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी दे दी। इसके बाद एडीएम सीपीएन उपाध्याय पुलिस समेत सीएमओ आवास पहुंचे। कड़ी सुरक्षा के बीच एडीएम के साथ सीएमओ को लखनऊ भेज दिया गया। मंत्री की दबंगई से भयभीत सीएमओ ने राजधानी में महानिदेशक स्वास्थ्य समेत तमाम आला अफसरों को आपबीती सुनाई। फिलहाल सीएमओ छुट्टी पर हैं। उनके आवास पर सिपाही तैनात किए गए हैं।

विभाग के अफसर व बाबू दहशत में
घटना के बाद से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी दहशत में हैं। उधर, जिन दो बाबुओं को मंत्री सोमवार देर रात अपने वाहन में बिठाकर ले गए थे, वे मंगलवार सुबह दफ्तर आए और हाजिरी लगाकर कुछ देर रुके। दहशत के मारे उन्होंने अपनेमोबाइल भी स्विच ऑफ कर रखे हैं।

एनआरएचएम में रखे जाने हैं डॉक्टर
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) की आशीर्वाद बाल स्वास्थ्य गारंटी योजना के लिए संविदा पर चिकित्सक रखे जाने हैं। इसके लिए 3 अक्तूबर को एमबीबीएस/ बीडीएस और 4 से 6 अक्तूबर तक आयुष चिकित्सकों के साक्षात्कार हुए थे। इसके आधार पर चयन समिति ने सोमवार को परिणाम तैयार किए और चयन समिति के सचिव सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने रात को नतीजे जारी कर दिए। 11:30 बजे जारी हुई चयन सूची रात में ही सीएमओ कार्यालय पर चिपका दी गई।

लिखित शिकायत मिली तो कार्रवाई
घटना की जानकारी मिली है। अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. एके गंगवार से रिपोर्ट मांगी गई है। प्रमुख सचिव गृह व अन्य अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। सीएमओ यदि लिखित शिकायत दर्ज कराते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. अशोक कुमार वर्मा, आयुक्त देवीपाटन मंडल

अनहोनी की थी आशंका
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएमओ के साथ अनहोनी होने की आशंका थी। वे बेहद भयभीत थे। सुरक्षा की दृष्टि से एडीएम के साथ उन्हें लखनऊ भिजवा दिया गया है। प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव को घटना की जानकारी दे दी गई है।
- अभय, जिलाधिकारी गोंडा

चयन में बरती पारदर्शिता
संविदा डॉक्टरों का चयन छह सदस्यीय समिति ने पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी से किया था। उसमें कोई कमी नहीं है। मंत्री ने जो सुलूक किया, उसकी जानकारी डीजी, हेल्थ सहित आला अफसरों को दे दी है। फिलहाल मैंने छुट्टी ले ली है।
डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ गोंडा

...और इनकी मासूमियत, ऐसी घटना हुई ही नहीं
ऐसी कोई घटना ही नहीं हुई है। यह विरोधियों की साजिश है। मेरे खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। न तो मेरा कोई कैंडीडेट था और न ही मैंने किसी की सिफारिश की है। पूरी घटना फर्जी है।
विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह, राज्यमंत्री, राजस्व, अभाव, सहायता एवं पुनर्वास

मामले की पड़ताल होगी
सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने देर शाम मुझे फोन पर घटना की सूचना दे दी है। जानकारी इकट्ठा की जा रही है। बुधवार को पूरे मामले की पड़ताल कर आला अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।
विज्ञापन

-- डॉ. रमा सिंह, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें