नियंत्रण रेखा पर सीजफायर के उल्लंघन के विरोध में लोकसभा ने पाकिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है। सदन में ये प्रस्ताव लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने रखा था। प्रस्ताव में जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा की जा रही गोलीबारी की निंदा की गई है।
पाकिस्तान की नेशनल असेंबली ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित कर नियंत्रण रेख पर भारतीय सेना की कार्रवाइ की आलोचना की थी। जिसके विरोध में भाजपा ने आज पाकिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की थी।
वहीं, भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की वार्ता की नए सिरे से पेशकश को ठुकराया दिया। नई दिल्ली ने वार्ता से पहले पुंछ हमला और मुंबई आतंकी हमले के दोषियों को दंडित करने और सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन बंद करने की शर्त रखी है।
भारत ने यह भी साफ कर दिया है कि वह मुंबई हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद को दंडित कराए बिना चैन से नहीं बैठेगा।
भारत की ओर से यह तीखी प्रतिक्रिया विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की पाकिस्तान सरकार को पुंछ हमले की जिम्मेदारी लेने की नसीहत देने के बाद आई है।
बहरहाल भारत के इस कड़े रुख से अगले महीने दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की न्यूयार्क में होने वाली संभावित मुलाकात पर भी सस्पेंस गहरा गया है।