प्रमोशन में आरक्षण बिल पर लोकसभा में सियासी तकरार जारी है। समाजवादी पार्टी सदस्यों के हंगामे की वजह से लोकसभा में प्रश्नकाल नहीं हो सका। हंगामा थमता नहीं देख सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करने के बाद दोहपर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने जैसे ही प्रश्नकाल की शुरुआत की घोषणा की सपा सदस्य उनके आसन के पास आकर नारेबाजी करने लगे। अध्यक्ष ने सदस्यों को शांत कराने का प्रयास करते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में सपा के रेवती रमण सिंह का नोटिस मिला है। सपा सांसद को शून्यकाल में बोलने का मौका दिया जाएगा। इस आश्वासन के बावजूद सपा सांसद अपनी सीटों पर नहीं लौटे।
इसी दौरान अन्नाद्रमुक सदस्य भी तमिलनाडु सरकार के केबल टेलीविजन निगम को डिजिटल एड्रेसेबल सिस्टम का लाइसेंस देने की मांग को लेकर सीटों से खडे हो गए। इन सांसदों का कहना था कि अर्जी जुलाई में देने के बावजूद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निगम को अब तक लाइसेंस नहीं दिया है।