शिवाजी पार्क में बाल ठाकरे की समाधि को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। बीएमसी ने ठाकरे की समाधि को स्थानांतरित करने के लिए मेयर सुनील प्रभु और शिव सेना सांसद संजय राउत को नोटिस भेजा है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों को सोमवार रात नोटिस भेज दिया गया था।
नगर निगम आयुक्त सीताराम कुंटे ने कहा, ‘यह स्थान ठाकरे के अंतिम संस्कार के लिए दिया गया था और अब वह पूरा हो चुका है। इसलिए हमने प्रभु और राउत दोनों से कहा है कि चबूतरे को जल्द से जल्द हटाएं या फिर कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।’ शिव सेना का कहना है कि शिवाजी पार्क में बाल ठाकरे की समाधि बननी चाहिए और इसके लिए वह कानून तोड़ने को भी तैयार हैं।
इस बीच शिव सेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को उनके पिता की जगह पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ का संपादक चुन लिया गया है। सीनियर शिव सेना नेता सुभाष देसाई ने कहा कि प्रबोधन प्रकाशन के सभी प्रकाशनों का संपादक नियुक्त किया गया है। देसाई प्रबोधन प्रकाशन के प्रकाशक हैं, जो मराठी अखबार सामना और हिंदी में दोपहर का सामना प्रकाशित करता है।