राज्यसभा में बहुत दिनों बाद मंगलवार को अभिनेत्री रेखा नजर आईं। पिछले साल अप्रैल में राज्यसभा सदस्य मनोनीत होने के बाद से रेखा ने पांच बार ही संसद में कदम रखा है।
सचिन तेंदुलकर क्रिकेट टूर्नामेंट आईपीएल में व्यस्त होने के चलते अब तक संसद के बजट सत्र में एक दिन भी नहीं आ पाए हैं।
मंगलवार को रेखा दरअसल सार्वजनिक उपक्रम से जुड़ी समिति के चुनाव में वोट देने के लिए आई थीं। संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव शुक्ला ने उन्हें इसके लिए खासतौर से बुलाया था। उन्होंने राज्यसभा की कार्यवाही में हिस्सा भी लिया।
राज्यसभा में विपक्षी सांसदों के हंगामे को रेखा दिलचस्पी के साथ देखती रहीं। क्रीम रंग की सिल्क की साड़ी और धूप का चश्मा पहने रेखा बैठक शुरू होने से पहले ही सदन में आ गई थीं। कई दलों के सदस्यों में उनका अभिवादन करने की होड़ लग गई।
द्रमुक की वसंत स्टेनले उनके पास बैठ कर कुछ देर बात करती रहीं। राज्यसभा कुछ देर बाद स्थगित हो गई। तो रेखा ने राजीव शुक्ल से इशारों में सदन से जाने के बारे में पूछा। शुक्ल ने उन्हें रुकने के लिए कहा। बाद में वह बाहर आईं।
मीडिया कर्मियों में उनकी फोटो लेने और बात करने की होड़ मच गई। मगर उन्होंने किसी से बात नहीं की।
बाद में राजीव शुक्ला ने पत्रकारों से कहा कि वह इस बात से दुखी थीं कि संसद में कामकाज नहीं हो पा रहा है। शुक्ला ने कहा कि वह पांचवीं दफा संसद आई थीं।
वहीं, सचिन तेंदुलकर के संसद नहीं आने के सवाल पर शुक्ला ने कहा कि वह आईपीएल की वजह से नहीं आ पा रहे हैं। मगर उन्होंने मानसून सत्र में आने का वादा किया है। दूसरी तरफ विपक्ष ने इसे गलत परंपरा करार दिया है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि फिल्म और खेल जगत से लोगों को राज्यसभा की सदस्यता देना अच्छी बात है, मगर इन लोगों को भी सदन की कार्यवाही में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने भी हेमा मालिनी समेत कला क्षेत्र से कई हस्तियों को सदन में आने का मौका दिया। उन लोगों ने सदन में ज्यादा से ज्यादा उपस्थिति दर्ज कराई और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा में हिस्सा भी लिया।