भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के एजेंडे में है लेकिन उनकी तात्कालिक प्राथमिकता देश की आर्थिक सेहत में सुधार लाना है।
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि मंदिर निर्माण से जुड़े मुद्दों का जल्द से जल्द हल निकले। लेकिन अर्थव्यवस्था को विकास के रास्ते पर लाना और बेहतर शासन व्यवस्था स्थापित करना अभी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जहां तक राम जन्मभूमि और सामान नागरिक संहिता का सवाल है तो यह भाजपा के एजेंडा में शामिल है। सभी मुद्दे तुरंत नहीं सुलझाए जा सकते। हम राम मंदिर बनाने नहीं जा रहे हैं।
सरकार बाधाओं को दूर कर राम मंदिर के निर्माण के लिए रास्ता साफ करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वैचारिक रूप से राम जन्मभूमि का मसला अहम है, लेकिन लोकसभा चुनाव में किए वादों को पूरा करना भी सरकार के लिए महत्वपूर्ण है।