पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री और वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी का केस लड़ने से मना कर दिया है।
उन्होंने सोनिया गांधी से कहा है कि इस मामले में राज्यसभा को बिल्कुल डिस्टर्ब न करें। यदि आप निर्दोष हैं तो फैसला कोर्ट पर छोड़ दें। तब मैं आपका केस फ्री में लड़ने को भी तैयार हूं।
बता दें कि जेठमलानी ने 10 दिसंबर 2015 को सोनिया गांधी को पत्र लिख कर उनका केस लड़ने की पेशकश की थी लेकिन जब सोनिया गांधी ने संसद चलने देने की उनकी सलाह नहीं मानी तो इसे वापस ले लिया। जेठमलानी ने भाजपा और कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों के रहते देश में काला धन की वापसी संभव नहीं है।
वित्त मंत्री अरुण जेटली को भ्रष्ट बताते हुए उन्होंने कहा कि जेटली ने देश को धोखा दिया है। कहा, ‘जुबां पर नाज था जिनके वो बेजुबान निकले।’ गुरुवार को शहर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए राम जेठमलानी ने देर रात ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कहा कि राज्यसभा का चलना संविधान की जरूरत है। नेशनल हेराल्ड का मामला कोर्ट में ही हल होगा। इसलिए इस मुद्दे पर राज्यसभा बाधित करना ठीक नहीं।