सरकार काला धन रखने वालों को कानूनी कार्रवाई से छूट दिलाने का भरोसा दे तो देश और विदेश में जमा काला धन आसानी से वापस आ सकता है।
समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने सरकार को काला धन बाहर निकालने का यह उपाय सुझाया है। राज्यसभा में बजट पर बहस के दौरान रामगोपाल ने कहा कि अगर सरकार काले धन को हासिल करने में वाकई गंभीर है तो उसे विशेष योजना के तहत कानून में ढील देनी होगी।
रामगोपाल के मुताबिक अभी लोग मुकदमेबाजी और सजा से डर से जमा काले धन को बाहर नहीं निकाल रहे। उन्होंने सरकार से कहा कि वह काले धन पर सिर्फ टैक्स लगा कर उसे सफेद कर सकती है। अगर उस धन के स्रोत के बारे में पता लगाकर उसे कानूनी दायरे में लाएगी तो वह धन किसी काम का नहीं रह जाएगा। इससे बेहतर है कि काले धन को बाहर निकालकर कृषि और उद्योग में उसका निवेश किया जाए।