गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अयमान अल जवाहिरी की अल कायदा की सीडी की अभी जांच हो रही है और भारत से भर्ती की कोई जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आई अल कायदा की सीडी की प्रमाणिकता की जांच केंद्रीय एजेंसिया कर रही हैं।
संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए जब उनसे 'लव जेहाद' पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा पहले मुझे ये बताएं कि ये 'लव जेहाद' क्या है?
सभी मुसलमान संगठनों ने निंदा की
हाल में आई एक सीडी में अल-कायदा नेता जवाहिरी ने अपने चरमपंथी संगठन की भारतीय उपमहाद्वीप में शाखा खोलने की घोषणा की थी।
अपने 55 मिनट के वीडियो संदेश में जवाहिरी ने कहा कि अल कायदा की ये शाखा क्षेत्र में मुस्लिम आबादी को बांटने वाली बनावटी सीमाओं को नष्ट कर देगी।
इसी के साथ राजनाथ सिंह ने कहा कि सीरिया और इराक़ में सक्रिय इस्लामी चरमपंथियों के संगठन 'इस्लामिक स्टेट' की सभी भारतीय मुस्लिम संगठनों ने निंदा की है।
सिमी पर प्रतिबंध
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) पर लगे प्रतिबंध को अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया है।
राजनाथ सिंह ने यह जानकारी शुक्रवार को गृह मंत्रालय के सौ दिन के कामकाज का ब्योरा देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने माओवाद, पूर्वोत्तर और जम्मू कश्मीर के आंतकवाद से निपटने के लिए व्यापक रणनीतियां बनाई हैं।
उन्होंने कहा कि माओवाद से निपटने की रणनीति को आज अंतिम रूप दिया जाएगा और उसकी जल्द घोषणा की जाएगी। दिल्ली में सरकार बनाने के मुद्दे पर गृह मंत्री ने कहा कि ये फैसला उपराज्यपाल को करना है।