बीजेपी ने पीएम मनमोहन सिंह पर चौतरफा हमला बोल दिया है और उनको घेरने की कवायद शुरू कर दी है। पीएम ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस में मोदी पर निशाना साधा था।
अरुण जेटली ने जवाबी प्रेस कांफ्रेंस करते हुए मनमोहन सिंह के कार्यकाल को निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि मनमोहन के राज में बेरोजगारी बढ़ गई।
मोदी पर मनमोहन ने जो बयान दिया था उस पर जेटली ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उनकी शब्दावली आपत्तिजनक थी।
तस्वीरों में देखिए:- केजरीवाल की मफलर-लीलाः आखिर क्या है इसका राज?
जेटली ने कहा कि प्रेसवार्ता के दौरान पीएम अपने पक्ष में तर्क ढूंढते रहे। संबोधन से पहले पीएम को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि वोटरों ने पीएम को नकार दिया है, हालांकि 2009 में यूपीए ने दोबारा सरकार बनाई लेकिन इससे उसके पहले कार्यकाल पर लगे आरोप खारिज नहीं हो जाते।
पीएम के बयान की निंदा करता हूं: राजनाथ
बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पीएम मनमोहन सिंह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन नरेंद्र मोदी ने अपने शासनकाल में गुजरात को मॉडल स्टेट बनाया उनके बारे में पीएम का बयान बेहद हास्यास्पद है।
उन्होंने कहा कि मोदी को क्लीनचिट मिलने के बाद पीएम ने जो बयान दिया है उसकी मैं निंदा करता हूं।
राजनाथ ने कहा कि हमने हमेशा कहा है कि सत्ता के दो केंद्र हैं जिसे आज पीएम ने खुद स्वीकार कर लिया है। अगली बार देश में यूपीए की सरकार नहीं बन सकती।
बीजेपी अध्यक्ष ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि ये आज़ाद भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार है और इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने सभी मुद्दों पर चर्चा नहीं की। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में बात नहीं की, उन्होंने लगातार बिगड़ती अर्थव्यवस्था के बारे में बात नहीं की। आखिर ऐसा क्यों?
राजनाथ सिंह के पहले अरुण जेटली ने भी पीएम से पांच सवाल पूछे। दोपहर तीन बजे बीजेपी एक प्रेस कांफ्रेंस भी करेगी। बीजेपी का आक्रमक रुख देखते हुए माना जा रहा है कि वो मनमोहन को घेरने की पूरी कोशिश करने वाली है।