राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ को मुंबई में प्रदर्शित नहीं होने देने की धमकी को वापस ले लिया है।
फिल्म के डायरेक्टर रोहित शेट्टी की राज ठाकरे से बृहस्पतिवार को हुई मुलाकात के बाद एमएनएस ने फिल्म के प्रदर्शन को हरी झंडी दे दी।
9 अगस्त को रिलीज हो रही चेन्नई एक्सप्रेस के लिए मुंबई के लगभग सभी मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर बुक करवाए जा चुके हैं।
पार्टी इस बात से नाराज थी कि इसके चलते 19 जुलाई को रिलीज हुई मराठी फिल्म ‘दुनियादारी’ को सिंगल स्क्रीन नहीं मिल पाएगी।
मराठी फिल्म ‘दुनियादारी’ महाराष्ट्र के ज्यादातर सिनेमाघरों में हाउसफुल चल रही है।
एमएनएस सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है, चेन्नई एक्सप्रेस के लिए अब मराठी फिल्म ‘दुनियादारी’ को सिंगल स्क्रीन थिएटरों से नहीं उतारा जाएगा।