द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जहां एक ओर साईं पूजा का विरोध कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मध्य रेलवे साईं भक्तों की सुविधा के लिए एसी स्पेशल ट्रेनें चला रहा है।
मध्य रेलवे ने बुधवार को दिल्ली से शिरडी के बीच चलाई जाने वाली एसी सुपरफास्ट ट्रेन के फेरे बढ़ा दिए हैं।
इससे दिल्ली और आसपास के इलाकों के साईं भक्तों को शंकराचार्य के विरोध के बावजूद शिरडी आने का बेहतर मौका मिल गया है।
4 जुलाई से एक अगस्त के लिए बढ़े फेरे
मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी एके सिंह ने बताया, "ग्रीष्मावकाश के दौरान मध्य रेलवे ने शिरडी से नई दिल्ली के बीच जून तक के लिए स्पेशल एसी सुपरफास्ट (क्रमांक 04011) ट्रेन की शुरुआत की थी। लेकिन ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ में कोई कमी नहीं आई। इसके चलते चार जुलाई से एक अगस्त तक के लिए इस ट्रेन के परिचालन की समय सीमा बढ़ा दी गई है।"
एके सिंह ने बताया, "यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 10 बजे शिरडी से चलकर दूसरे दिन 8.15 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस तरह नई दिल्ली से यह ट्रेन (क्रमांक 04012) हर बुधवार को रात 11 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन रात 11.15 बजे शिरडी पहुंचेगी।"
शंकराचार्य कर रहे साईं पूजा का विरोध
इस एसी स्पेशल ट्रेन में एक एसी-प्रथम श्रेणी, 5 एसी-टू टायर और 7 एसी-थ्री टायर कोच होंगे।
यह ट्रेन मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, हबीबगंज, भोपाल, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा जंक्शनों पर रुकेगी।
बता दें कि शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने साईं पूजा का पुरजोर विरोध किया है और ऐसा करने वालों को भगवान राम की पूजा न करने की नसीहत भी दी है। इसके बावजूद साईं भक्तों का रेला शिरडी की ओर बढ़ता ही जा रहा है।