रेलवे प्रमोशन में घूसखोरी मामले में पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल को मंगलवार को करीब सात घंटे तक सीबीआई के सवालों से जूझना पड़ा।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी यह पता लगाना चाह रही है कि रेलवे बोर्ड सदस्य (इलेक्ट्रिक) पद के लिए बंसल के भतीजे विजय सिंगला और मुख्य आरोपी महेश कुमार के बीच रिश्वत के लेनदेन के तार कहीं बंसल से तो नहीं जुड़ रहे हैं।
मीडिया की नजरों से बचाने के लिए सीबीआई ने अपने मुख्यालय से पांच किमी दूर जामनगर स्थित गेस्ट हाउस में बंसल से पूछताछ की।
सीबीआई के मुताबिक महेश कुमार से पूछताछ के बाद बंसल से संबंधित कई सवाल खड़े हो गए थे। अब बंसल को क्लीन चिट देनी है या चार्जशीट में उनका बतौर आरोपी डालना है, इसका फैसला सीबीआई को करना है।
पूछताछ में बंसल से महेश कुमार की उनके मनपसंद पद पर नियुक्ति में उनके फैसलों से संबंधित सवाल किए गए। सीबीआई ने इस नियुक्ति के लिए सिंगला को 90 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था।
इस मामले में महेश कुमार सहित नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसी के चलते बंसल को इस्तीफा भी देना पड़ा। हालांकि बंसल हमेशा से यही कह रहे हैं कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है।
दूसरी ओर सीबीआई का दावा है कि इस नियुक्ति से संबंधित करीब 500 घंटे की टेलीफोन रिकार्डिंग में बंसल का भी नाम आया है।
रेलवे बोर्ड सदस्य की नियुक्ति संबंधी सभी फाइलों की पड़ताल के बाद एजेंसी ने बंसल को पूछताछ के लिए बुलाया। रिकार्ड की गई बातचीत में सिंगला के दलाल दोस्त मंजूनाथ को महेश से यह कहते सुना गया कि इस नियुक्ति के बारे में रेल मंत्री बंसल को सब कुछ पता है।
इतना ही नहीं सिंगला ने अशोक रोड स्थित बंसल के सरकारी आवास के नंबर से महेश कुमार और अपने दलाल दोस्तों से कम से कम चार बार बातचीत की है।
सिंगला और महेश ने सीबीआई को बताया है कि इसी सरकारी आवास पर उनकी बंसल के साथ मुलाकात हुई। एजेंसी बंसल से इन्हीं बातों से जुड़े सवाल पूछ रही है। सीबीआई यह भी पता लगा रही है कि घूस की रकम सबसे आखिरी में किसे मिलनी थी।
सूत्रों का कहना है कि महेश कुमार रेलवे बोर्ड सदस्य (इलेक्ट्रिक) के साथ महानिदेशक (पश्चिम) पद पर भी कायम रहना चाहता था।
इस व्यवस्था के लिए सिंगला को कुल 12 करोड़ रुपये देने का करार हो चुका था। इस मामले में सीबीआई रेलवे बोर्ड चेयरमैन विनय मित्तल समेत सात आला अधिकारियों से भी पूछताछ कर चुकी है।
बंसल से पूछे गए सवाल
1. आपके भतीजे विजय सिंगला से आपके कारोबारी रिश्ते हैं?
2. चंडीगढ़ में महेश कुमार से आपकी कितनी बार मुलाकात हुई?
3. पूरे मामले में आपके सरकारी आवास का इस्तेमाल हुआ। क्या इस बात की जानकारी आपको थी?
4. सरकारी फोन के इस्तेमाल की जानकारी क्या आपको थी?
5. महेश कुमार की रेलवे बोर्ड सदस्य (इलेक्ट्रिकल) की नियुक्ति की फाइल आप तक किसने बढ़ाई थी?
6. महेश कुमार के अलावा और कितने दावेदार थे उस पद के लिए?
7. पिछले तीन महीनों में फोन रिकॉर्डिंग के दौरान कितनी नियुक्तियों पर हस्ताक्षर किए?
8. आपको सिंगला और महेश के साथ आपके निजी सचिव राहुल भंडारी के संबंधों के बारे में मालूम था?
9. दलाल मंजूनाथ महेश से कहते हुए सुने गए कि इस नियुक्ति के बारे में आपको सब कुछ मालूम है। इसमें कितनी सच्चाई है?
10. 16 अप्रैल को आप और महेश कुमार हेलीकॉप्टर से मुंबई तक गए थे। इस दौरान और मुंबई में महेश से किन-किन मुद्दों पर बातचीत हुई?