गुजरात में दूसरे दौर के मतदान के लिए प्रचार शनिवार शाम पांच बजे थम जाएगा। दूसरे चरण में 17 दिसंबर को 95 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में 820 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें 61 विधायक शामिल हैं।
इधर शनिवार को कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी भुज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। राहुल ने 11 और 13 दिसंबर को राज्य में प्रचार किया था। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और गुजरात परिवर्तन पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक इस बार भी भाजपा की जीत तय मानी जा रही है।
चुनाव आयोग की ओर से प्रथम चरण के मतदान को लेकर जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 87 सीटों पर 70.75 प्रतिशत मतदान हुआ। जनता के रिकॉर्ड तोड़ मतदान ने राजनीतिक विशेषज्ञों और प्री-पोल में विभिन्न तरह के दावा करने वालों को निरुत्तर कर दिया है। अगर जनता ने पहले चरण की तरह ही दूसरे दौर में रुचि दिखाई तो गुजरात में नया रिकॉर्ड कायम हो जाएगा।