कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि लगातार चुनावी हार के बाद पार्टी को संगठन चुनाव के जरिए पुनर्जीवित कर फिर से खड़ा किया जाना चाहिए।
उन्होंने सभी प्रदेश कांग्रेस इकाइयों के अध्यक्षों से कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए चुनाव एक बेहतर मौका है। इसके जरिए नए लोगों को सामने लाकर पार्टी का आधार मजबूत किया जाए।
साथ ही राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को कहा है कि हमें पार्टी का सदस्यता अभियान सिर्फ संख्या बल के आधार पर बढ़ा चढ़ाकर दिखाने की जरूरत नहीं है। अगर कम संख्या में ही मगर सही और सच्चे व्यक्ति को पार्टी का सदस्य बनाया जाता है तो यह पार्टी के लिए बेहतर साबित होगा। उन्होंने फर्जी सदस्यता से पार्टी नेताओं को परहेज करने के लिए सख्त निर्देश दिए।
मंगलवार को राहुल ने सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और प्रभारी महासचिवों की बैठक को संबोधित किया। राहुल ने बैठक में कहा कि पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामाचंद्रन को निष्पक्ष चुनावों के लिए पूरे अधिकार दिए गए हैं।
संगठन चुनाव की प्रक्रिया सभी राज्यों में पहले से ही चल रही है। ये प्रक्रिया 31 दिसंबर तक चलेगी। प्रक्रिया का समापन अगले साल पार्टी अध्यक्ष चुनाव से ही होगा।