फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राहुल बन सकते हैं कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष

Sat, 27 Oct 2012 12:00 AM IST
नई दिल्ली/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
राहुल गांधी जल्द ही कांग्रेस में बड़ी भूमिका में दिख सकते हैं। अटकलें तेज हैं कि उन्हें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष या उपाध्यक्ष का पद दिया जा सकता है। कांग्रेस महासचिव के करीबी सूत्रों ने बताया कि राहुल फिलहाल सरकार में शामिल होने के बजाय पार्टी को मजबूती देने को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं। मालूम हो कि कांग्रेस नेताओं की ओर से राहुल को बड़ी भूमिका देने और वर्ष 2014 के आम चुनावों में पार्टी के चेहरे के तौर पर अभी से प्रोजेक्ट करने की मांगें लंबे समय से उठ रही हैं।
विज्ञापन


इससे पहले विदेश मंत्री एसएम कृष्णा के इस्तीफे के साथ ही यूपीए-दो सरकार की कैबिनेट में बहुप्रतीक्षित फेरबदल का सस्पेंस खत्म हो गया। कैबिनेट में इस फेरबदल को रविवार सुबह अंजाम दिया जाएगा। शुक्रवार को देर शाम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच हुई बैठक में इस बदलाव की रूपरेखा लगभग तय हो गई।

कृष्णा की जगह नए विदेश मंत्री के लिए कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और सलमान खुर्शीद के साथ पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल का नाम संभावित दावेदारों में गिना जा रहा है। इस फेरबदल में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के कैबिनेट में आने की संभावना भले ही नहीं है मगर उनकी युवा टीम के कई सांसदों को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। जबकि अंबिका सोनी और मुकुल वासनिक सरीखे सरकार के कुछ दिग्गज चेहरों ने खुद ही शुक्रवार को सोनिया से मुलाकात कर कांग्रेस संगठन में जाने की इच्छा जाहिर कर दी है।
विज्ञापन


इस लिहाज से शपथग्रहण से पहले कुछ और मंत्रियों का इस्तीफा भी तय माना जा रहा है। भ्रष्टाचार और महंगाई की बदनामी को धोने का लक्ष्य हो या फिर 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए सरकार की सियासी सेना को नए तेवर-कलेवर देने की बात, यह मंत्रिमंडल फेरबदल सरकार के चेहरे को बदलने का कांग्रेस का आखिरी दांव माना जा रहा है। कैबिनेट फेरबदल की तैयारी राष्ट्रपति भवन में शुरू हो गई है। राष्ट्रपति बनने के बाद प्रणब मुखर्जी पहली बार केंद्रीय मंत्रियों को शपथ दिलवाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें