आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सौराष्ट्र क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि 2014 के चुनाव में ‘करो या मरो’ की स्थिति नहीं है।
जामनगर से सांसद विक्रम मदाम ने राहुल के हवाले से कहा, ‘हमें अपनी कमजोरियों पर काबू पाकर अपनी ताकत को लोगों के बीच पहुंचाना चाहिए।’
गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे राहुल ने शुक्रवार को सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। हालांकि बैठक में पत्रकारों को जाने की अनुमति नहीं थी।
मदाम के अनुसार राहुल ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘हमें 2014 के चुनाव की चिंता नहीं करनी चाहिए। यह ‘करो या मरो’ की स्थिति नहीं है। 2014 के आम चुनाव के बाद पार्टी के अस्तित्व को लेकर कोई संदेह नहीं होना चाहिए क्योंकि कांग्रेस एक स्थायी राजनीतिक पार्टी है।’
एक दिन पहले ही राहुल ने अहमदाबाद में कहा था कि कांग्रेस 2014 के आम चुनावों में जीत दर्ज करने जा रही है। राहुल ने कार्यकर्ताओं को गुजरात में पार्टी को मजबूत करने के लिए मेहनत करने को कहा है।
मदाम के अनुसार राहुल ने कहा, ‘हमें 2014 के चुनाव को ध्यान में रखने की बजाय लोगों की सेवा करनी चाहिए। हमें यूपीए सरकार के सूचना के अधिकार और भोजन के अधिकार कानून को जनता के सामने रखना चाहिए।’
राहुल के हवाले से कहा गया, ‘हमें सत्ता उन्मुखी नहीं होना चाहिए और पार्टी सत्ता में रहे बिना भी लोगों की सेवा करने में सक्षम है।’ गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि राहुल की यात्रा से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि राहुल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस गुजरात में चुनाव लड़ने में सक्षम है, लेकिन उसे राज्य में मजबूत होने की जरूरत है।