महात्मा गांधी की हत्या को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आरोप लगाए जाने से नाराज भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि राहुल को बताना चाहिए कि आखिरकार सरदार पटेल और मौलाना अबुल कलाम आजाद को तीन दशक तक भारत रत्न क्यों नहीं दिया गया।
राहुल नहीं जानते इतिहास
पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इन दोनों महान नेताओं को तब भारत रत्न दिया गया, जब नेहरू-गांधी परिवार से बाहर के नेता पीवी नरसिंह राव प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि अब तो कांग्रेस ने राव को भी भुला दिया है।
भाजपा नेता ने कहा कि पटेल की 1950 और मौलाना आजाद की 1959 में मृत्यु हो चुकी थी, लेकिन उन्हें क्रमश: 1991 और 1992 में भारत रत्न दिया गया।
उन्होंने कहा कि राहुल को इतिहास की सही जानकारी नहीं है, इसलिए वह गांधी की हत्या का आरोप संघ पर लगा रहे है, जबकि खुद गांधी जी के पोते राजमोहन गांधी ने सरदार पटेल को लेकर जो किताब लिखी है, उसमें सच्चाई सामने रखी गई है। तब पटेल ने पं. नेहरू को लिखे पत्र में कहा था कि गांधी की हत्या में संघ नहीं, बल्कि हिंदू महासभा का हाथ था।