विवादों से घिरीं राधे मां पर उन्हीं की भक्त रह चुकीं डॉली बिंद्रा ने सनसनीखेज आरोप लगाया है। मशहूर रीयलटी शो बिग बॉस की प्रतियोगी रह चुकीं डॉली बिंद्रा ने मुंबई पुलिस को शिकायत दी है कि राधे मां अपने सत्संग में उन पर यौनाचार करने का दबाव बनाया।
डॉली बिंद्रा ने कहा है कि राधे मां ने अपने सत्संग में उनसे अश्लील गतिविधियों में शामिल होने को कहा। वहां जो किया गया, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
डॉली बिंद्रा ने बताया कि, 'वहां बॉलीवुड के आइटम सांग बजाए गए और राधे मां के आदेश से उनके अनुयायियों ने अपने कपड़े उतार दिए और मेरे साथ अश्लील हरकतें की। वह अनुभव इतना बुरा था कि मुझे उबकाई आ गई।'
प्रह्लाद कक्कड़ ने डॉली के आरोपों को खारिज किया
हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, डॉली बिंद्रा ने पुलिस का मामले को शिकायत दे दी है, हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के पक्ष में किसी प्रकार के सबूत नहीं दिए हैं। डॉली बिंद्रा के आरोपों की बावत समाचार पत्र ने राधे मां और उनके प्रवक्ता से संपर्क करने का प्रयास किया, हालांकि उनसे संपर्क नहीं हो सका।
वहीं राधे मां के अन्य अनुयायी और विज्ञापन गुरु प्रह्लाद कक्कड़ ने डॉली के आरोपों को कोरा 'पब्लिसिटी स्टंट' करार दिया। उन्होंने कहा कि डॉली बिंद्रा के ऐसे बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
राधे मां के सत्संग में शामिल हो चुके भजन गायक अनूप जलोटा ने कहा कि पहले मामले की जांच होने दीजिए, उसके बाद राधे मां का आंकलन कीजिए। उन्होंने कहा कि यदि राधे मां गलत होंगी तो वे उनका अनुकरण करना छोड़ देंगे।
राधे मां पर दहेज के लिए उकसाने का है आरोप
उल्लेखनीय है कि राधे मां पिछले कई दिनों से विवादों में हैं। एक महिला ने आरोप लगाया है कि राधे मां ने उसके पति और सास-ससुर को उससे दहेज मांगने के लिए उकसाया था। पिछले दिनों मिनी स्कर्ट में उनकी एक फोटो भी सामने आई थी, जिसके बाद काफी विवाद हुआ।
डॉली बिंद्रा ने आरोप लगाया कि राधे मां ने उनके पति के साथ भी अश्लील हरकत की। उन्होंने कहा कि राधे मां जब अपने भक्तों से बात करती हैं तो पंजाब के अश्लील श्ब्दों को जमकर इस्तेमाल करती हैं।
डॉली बिंद्रा ने कहा कि उन्होंने जब से राधे मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है।