वाराणसी के मंडुआडीह में बुधवार की रात नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपने बारह वर्षीय पुत्र की पिटाई कर मुंह में जलता हुआ कोयला डाल दिया। जान बचाने के लिए बालक घर से भाग निकला।
गुरुवार की सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के घाट स्टेशन के पास रेलवे लाइन के किनारे खेत में वह अचेत मिला। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
गुरुवार की सुबह घाट स्टेशन के पास एक व्यक्ति ने गेहूं के खेत में एक बालक को अचेत देखा। उसका मुंह झुलसा था। लोग उसे जिला अस्पताल ले आए। होश में आने पर बालक ने अपना नाम अर्जुन राम (12) पुत्र पप्पू राम निवासीमंडुआडीह, वाराणसी बताया। उसने बताया कि मां की मौत हो चुकी है। वह मंडुवाडीह के ही एक होटल में काम करता था। उसकी कमाई का पैसा लेकर उसके पिता शराब पी जाते हैं। इस पर उसने काम बंद कर दिया।