शहरों में स्ट्रीट लाइटें, लोहे के रॉड और बिजली के तार जैसी चीजें चोरी होने की घटनाएं आम हैं लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कोई टॉयलट ही चुरा ले गया हो?
ऐसा हुआ है चेन्नई में। जहां कुछ चोरों ने एक टॉयलट पर ही हाथ साफ कर दिया। चोरी किया गया टॉयलट साधारण नहीं था बल्कि मॉड्यूलर था। पुणे स्थित कंपनी साराप्लास्ट की ओर से ये मॉड्यूलर टॉयलट लगाए गए थे।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक इस मॉड्यूलर टॉयलट की कीमत 80000 रुपये बताई जा रही है।
जहां एक ओर चोरों ने टॉयलट पर अपना हाथ साफ किया, दूसरी ओर जब इस चोरी की शिकायत लेकर साराप्लास्ट का एक अधिकारी पुलिस स्टेशन पहुंचा तो उसकी शिकायत सुनकर पुलिस वालों ने उसका मजाक बनाया।
इतना ही नहीं उन्होंने उसकी शिकायत भी दर्ज नहीं की। उन्होंने कमेंट करते हुए कहा कि कोई तुम्हारा टॉयलट ही ले उड़ा। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि क्या कोई चोर टॉयलट भी चुरा सकता है?