नई दिल्ली में गैंगरेप के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों की रणनीति बनाने के लिए प्रदर्शनकारियों ने फेसबुक पर 'ऑक्यूपाई राजपथ' नाम से पेज बना डाला है।
अमेरिका के 'ऑक्यूपाई वॉलस्ट्रीट' आंदोलन से मिलताजुलता यह पेज 22 दिसंबर को बनाया गया है। यह पेज तेजी से पॉपुलर भी हो रहा है। दो दिनों के भीतर इस 2600 से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं। पेज पर आंदोलन से जुडी गतिविधियों की पल-पल की खबर भी दी जा रही है।
गौरतलब है कि शनिवार को गैंगरेप के बाद नई दिल्ली में इंडियागेट, विजय चौक और राजपथ पर हजारों प्रदर्शनकारी इकट्ठा हो गए थे। आंदोलकारियों की संख्या से सरकार भी हैरान रही गई थी।
मीडिया रिपोर्टों में आंदोलन को सोशन मीडिया की देन बताया गया। बताया गया कि इस आंदोलन की तैयारी तीन-चार दिनों से चल रही थी और लोग फेसबुक जैसे सोशल वेबसाइटों से एक दूसरे से संपर्क में थे।
आंदोलन को कई विश्लेषकों ने स्वतःस्फूर्त आंदोलन कहा और कहा कि यह जनता का आंदोलन है इसका कोई लीडर नहीं है।
फेसबुक पेज 'ऑक्यूपाई राजपथ' पर भी ऐसा ही दावा किया गया है। आंदोलनकारियों के बारे में पेज पर लिखा गया है, 'हम आम आदमी हैं। हमारा कोई लीडर नहीं है। हमें इसकी आवश्यकता भी नहीं है।'
पेज पर अपील की गई है कि अगर आप आंदोलन का हिस्सा हैं तो अपनी अनुभवों, गतिविधियों, योजनाओं और तस्वीरों को हमसे शेयर करें। यहां आंदोनलकारियों ने अपनी मांगे भी दी हैं।
उन्होंने कहा है कि हमारी मात्र चार मांगे हैं- पहली, इस मामले में सात दिन के भीतर न्याय किया जाए। दूसरी, संसद का विशेष सत्र बुलाकर कानून में तुरंत बदलाव किया जाए।
तीसरी मांग है कि प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करें और इन मांगों को मानने की घोषणा करें। चौथी, पिछले दो दिनों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।