डीजे संचालक अनुराग श्रीवास्तव की हत्या के विरोध में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बागपत रोड पर मलियाना में सड़क पर शव रखकर लोगों ने जाम लगा दिया। हंगामा प्रदर्शन किया।
पुलिस अधिकारियों से कहा कि हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाए। मलियाना स्थित पुष्प विहार निवासी अनुराग डीजे संचालक था।
बृहस्पतिवार को आमिर नामक बदमाश ग्राहक बनकर दिन में अनुराग के पास आया था और डीजे सरधना क्षेत्र के गांव पोहल्ली ले जाने के लिए बुक किया था।
छोटा हाथी लूट लिया
रात करीब नौ बजे अनुराग अपने बेटे तथा अन्य लोगों के साथ छोटा हाथी में डीजे लादकर पोहल्ली गांव जा रहा था। सरधना रोड पर जंगेठी गांव के बाहर आम के बाग के पास आमिर ने छोटा हाथी रुकवा लिया था।
जिसके बाद बाग से निकले अपने साथियों के साथ मिलकर डीजे लदा छोटा हाथी लूट लिया था । विरोध करने पर अनुराग को पीटकर और कनपटी से सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाद में छोटा हाथी बाईपास पर सुभारती के पास खाली खड़ा मिला था।
उधर, देर रात प्रशासनिक अनुमति के बाद अनुराग के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे परिजन और आसपास के लोग अनुराग का शव लेकर मलियाना पहुंचे और शव सड़क पर रखकर हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
जाम लगने की सूचना पर टीपीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया। जिस पर परिजन हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा आर्थिक सहायता की मांग पर अड़ गए। कैंट से भाजपा विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल भी लोगों के बीच पहुंचे।
उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए पुलिस अधिकारियों से वारदात का शीघ्र खुलासा कराने की मांग की। सूचना पर एसपी सिटी ओपी सिंह, एसीएम तथा सीओ ब्रह्मपुरी भी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटा बाद किसी तरह लोगों को समझाकर शांत किया गया। इसके बाद ही शव सड़क से हटाया जा सका।
चार युवकों से पूछताछ जारी
डीजे संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने बटजेवरा गांव के दीपक नामक तीन युवकों को पकड़ा। इसके अलावा शेखपुरा से शंकर नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शंकर भी डीजे संचालन का काम करता है। सीओ दौराला अरविंद कुमार का कहना है कि लूट के साथ ही रंजिशन हत्या के बिंदु पर भी जांच चल रही है।
शरीर पर मिले चोट के 35 निशान
अनुराग के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 35 जगह चोटें लगी मिलीं। उसके सिर में नुकीले हथियार से भी प्रहार किया गया। जबकि शरीर पर ईंट और लोहे की रॉड से प्रहार किए गए। साफ है कि अनुराग ने बदमाशों से मुकाबला भी किया, मगर हथियारबंद बदमाशों के आगे अनुराग की हिम्मत टूट गई थी।
कहां सो रही थी पुलिस
वारदात के कुछ देर बाद ही बदमाश छोटा हाथी को बाईपास पर सुभारती के पास लेकर पहुंचे। वहां डीजे को छोटा हाथी से उतारा और दूसरे वाहन में लादकर ले गए।
छोटा हाथी को वहीं छोड़ दिया गया। ताज्जुब है कि हाईवे पर सुभारती कॉलेज के पास पुलिस चौकी है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कई जगह चेकपोस्ट बनी हैं। इसके बावजूद पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ पाई।