पहले सरिता देवी मामले को लेकर सुर्खियों में रही महिला बॉक्सिंग अब नए विवादों में घिर गई है। वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने जा रही महिला बॉक्सिंग टीम का प्रेगनेंसी टेस्ट कराया गया है।
जेजू (कोरिया) में 13 नवंबर से होने वाली इस चैंपियनशिप के लिए 10 महिला बॉक्सर चयनित की गई हैं। इनमें आठ का प्रेगनेंसी टेस्ट दिल्ली में एक निजी लैब से कराया गया है।
इस खुलासे के बाद साई के स्पोर्ट्स मेडिसिन विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. पीएसएम चंद्रन ने आपत्ति जताते हुए इसे मानवाधिकारों का हनन बताया है। उनका कहना है कि किसी भी अविवाहित महिला का प्रेगनेंसी टेस्ट अपराध है।
वहीं टीम में शामिल कुछ महिला बॉक्सरों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर अमर उजाला को बताया कि उनके साथ यह पहली बार नहीं हुआ है। उन्हें इससे पहले कई बार प्रेगनेंसी टेस्ट कराने पड़े हैं।