सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का कहना है कि मोदी सरकार में सभी मंत्रियों को काम करने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने शासन के व्यक्ति विशेष पर केंद्रित होने के आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रियों को काम करने की खुली छूट देने के साथ ‘सबकी सुनो मगर देश हित में सर्वोत्तम करो’का मंत्र दिया है।
विपक्ष खासकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी पर्यावरण संबंधी अड़चनें तत्काल दूर किए जाने पर राज्यसभा में उन्हें बधाई दी थी।
जावड़ेकर ने शासन में नीतिगत पक्षाघात खत्म करने का दावा करते हुए इसे मोदी सरकार की सौ दिनों के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
नई सरकार के सौ दिन पूरे होने पर उपलब्धियों की जानकारी दे रहे जावड़ेकर ने कहा कि छोटे से कार्यकाल में नीतिगत पक्षाघात खत्म होने के कारण सभी मंत्रालयों में तेजी से कार्य हो रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने का दावा करते हुए कहा कि जल्द ही अब इसमें तेज गति भी नजर आएगी।