लिकर किंग पोंटी चड्ढा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में खूब धर्मार्थ कार्य कराए। धर्मशाला, स्कूल और शादी हाल तक बनवाए। इस परिवार को करीब से जानने वालों का कहना है कि वह एक साल में करीब पचास करोड़ रुपये धर्म-कर्म पर खर्च करते थे। उन्होंने पाकिस्तान, अमेरिका और इंग्लैंड के गुरुद्वारों को दान किये थे।
पोंटी की मौत के बाद उनके साथ लंबे समय तक जुड़े रहने वाले लोगों में उनके किए गए सामाजिक कार्यों को लेकर चर्चाएं हैं। उन परिवारों का जिक्र हो रहा है, जिनकी वह मदद किया करते थे तो ग्रूप के भविष्य पर भी बात हो रही है। वीर खालसा दल के अध्यक्ष मंजीत सिंह करीब 25 सालों तक उनके परिवार से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पोंटी चड्ढा ने स्कूलों का भी निर्माण कराया। नोएडा में भी स्कूल खुलवाया। मुरादाबाद में भी एक गर्ल्स कॉलेज बनाने की प्लानिंग थी। पंजाब और हरियाणा में धर्मशालाएं बनवाई गई हैं। उत्तराखंड के रीठा साहिब गुरुद्वारे में बड़ा जेनरेटर लगवाया तो अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सोने की पालकी भेंट की थी।
उन्होंने बताया कि पोंटी ने दिल्ली के गुरुद्वारे में हॉल का निर्माण कराया। पंजाब और हरियाणा के धार्मिक स्थलों पर भी निर्माण कार्य कराए थे। पाकिस्तान के ननकाना साहब गुरुद्वारे में जब पोंटी चड्ढा गए तो वहां चल रहे निर्माण कार्य के लिए आर्थिक मदद की थी। यही नहीं, अमेरिका और इंग्लैंड के एनआरआई की मदद करने के साथ ही उन्होंने वहां के धर्म स्थलों को भी दान दिया था। धर्म के लिए जिसने भी धन मांगा निराश नहीं हुआ।
मंजीत सिंह ने बताया कि पोंटी मुरादाबाद में गुरु तेग बहादुर के नाम पर गरीब बच्चों के लिए स्कूल खोलना चाहते थे लेकिन उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।