तीसरे चरण के तहत मंगलवार को मतदान जारी है। आतंकवाद पीड़ित बारामुला, बडगाम और पुलवामा जिले की 16 सीटों के लिए अचूक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। बीते शुक्रवार को श्रीनगर, सौरा, शोपियां और त्राल में हुए आतंकी हमलों के बाद संवेदनशील इलाकों की हवाई निगरानी भी कराई जा रही है।
आईबी के अलर्ट के बाद आतंकी साजिश की आशंका के चलते घाटी भर में हाई अलर्ट है। एलओसी पर तैनाती बढ़ाने के अलावा सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। सोमवार को सेना, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उच्च स्तरीय बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
मंगलवार को होने वाले मतदान में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित 143 प्रत्याशी मैदान में हैं। 13.69 मतदाता जिनमें 7.17 लाख पुरुष और 6.51 लाख महिलाएं शामिल हैं 1781 बूथों पर वोट डालेंगे। सोपोर में सबसे अधिक 134 और संग्रामा में सबसे कम 92 बूथ बनाए गए हैं।
बारामुला जिले की सात सीटों पर 5.91 लाख, बडगाम की पांच सीटों पर 4.45 लाख और पुलवामा की चार सीटों पर 3.32 लाख मतदाता वोट डालेंगे। सबसे अधिक 103782 मतदाता सोपोर सीट पर हैं, जबकि सबसे कम 66159 मतदाता संग्रामा में हैं। 2008 के चुनाव में बारामुला जिले में 49.17, बडगाम में 63.09 और पुलवामा जिले में 45.91 मत पड़े थे।
झारखंड में भी मतदान आज
घाटी की 16 सीटों में से नौ पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) का कब्जा है। चार पर नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) और एक-एक सीट कांग्रेस, पीडीएफ और डीपीएन के कब्जे में हैं। मुख्यमंत्री जिस बीरवाह सीट से लड़ रहे हैं वहां भी पीडीपी का ही कब्जा है।
कहां कितने मतदाता
उड़ी विधानसभा क्षेत्र में 74721 मतदाता, राफियाबाद में 80165, सोपोर में 103782, संग्रामा में 66159, बारामुला में 82937, गुलमर्ग में 94699, पट्टन में 89412, चादूरा में 84212, बड़गाम में 103634, बीरवाह में 92996, खान साहिब में 86018, चरारे शरीफ में 78348, त्राल में 84129, पंपोर में 78169, पुलवामा में 79167 और राजपुरा में 90554 मतदाता वोट डालेंगे।
वहीं झारखंड में तीसरे चरण के लिए आज मतदान शुरू हो गया है जिसमें 17 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इन 17 सीटों के लिए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित कुल 289 उम्मीदवार मैदान में हैं।