गैंगरेप में फांसी की सजा को गलत ठहराकर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव बुरे फंस गए हैं। चारों ओर उनकी लानत मलानत हो रही है।
लगभग सभी राजनीतिक दलों और महिला संगठनों ने मुलायम के इस बयान को बेहद आपत्तिजनक और गैर जिम्मेदार बताते हुए कहा है कि वोट बैंक के लिए इस तरह की छिछोरी राजनीति करना गलत है।
शर्मिंदा हूं कि मुलायम जैसे नेता देश में हैं
मुलायम के इस विवादित बयान पर पहली प्रतिक्रिया महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे की तरफ से आई। उन्होंने एक रैली में कहा कि उन्हें शर्मिंदगी होती है कि वो उस देश में रहते हैं जहां मुलायम जैसे नेता है।
राज ठाकरे ने कहा कि ऐसा घिनौना बयान देने वाले मुलायम के घर में क्या मां बहन नहीं है। केवल वोट पाने के लिए ऐसा बयान देने वाले को देश माफ नहीं करेगा। उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इनकी एक ही सजा, वोट मत दो
पूर्व आईपीएस अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता किरण बेदी ने कहा कि ये बयान केवल महिलाओँ के खिलाफ नहीं बल्कि पूरे समाज के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि ऐसे घृणित बयान के लिए महिलाएं मुलायम को कभी माफ नहीं करेंगी। बेदी ने कहा कि इसके लिए एक ही सजा है कि मुलायम को वोट मत दो।
माफ न करने वाला अपराध: कांग्रेस
वहीं कांग्रेस ने कहा कि है मुलायम यादव का ये बयान गैर जिम्मेदाराना है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओँ के प्रति रेप जैसे मुद्दे पर इस तरह के बयान स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कांग्रेस ने कहा कि देश में महिलाओँ की सुरक्षा को लेकर हर वर्ग को सचेत रहना चाहिए और ऐसे में इस तरह के बयान बरदाश्त नहीं किए जाएंगे।
यूपी की कुर्सी छोड़ दें मुलायम: बसपा
वहीं बसपा ने भी इस बयान पर मुलायम को आड़े हाथों लिया है। बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि ऐसे बयान देकर मुलायम गुडों और बलात्कारियों को संरक्षण दे रहे हैं। इससे साफ होता है कि मुलायम गुंडों के नेता है।
मौर्य ने कहा कि रेप के दोषियों को बचाने के लिए कानून में बदलाव का बयान देने वाले मुलायम को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है।
हार पास देखकर ऐसे बिदके नेताजी
भाजपा ने भी मुलायम के बयान की कठोर शब्दों में निन्दा करते हुए कहा कि ऐसे बयान देकर मुलायम साबित कर रहे हैं कि सपा हार की आशंका में हताश हो गई है।
बीजेपी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि खास वर्ग के बीच इस तरह के गुमराह करने वाले बयान देकर मुलायम अपनी हार स्वीकार कर रहे हैं।