राहुल गांधी अपने चिंतन अवकाश पर कहां गए हैं, इसको लेकर कयास थमे नहीं थे कि दिल्ली पुलिस ने उनके दफ्तर जाकर उनके हुलिया के बारे में पूछताछ की, जिससे और राजनीतिक बवाल पैदा हो गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली की पुलिस ने कांग्रेस दफ्तर का दौरा किया और राहुल गांधी के हुलिया के बारे में दफ्तर में मौजूद लोगों से पूछताछ की।
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेताओं से पूछा कि राहुल गांधी कैसे दिखते हैं? उनके बालों का रंग कैसा है और उनकी आंखों का रंग कैसा है? पुलिस की इस पूछताछ से कांग्रेस पार्टी के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
हालांकि टाइम्स ऑफ इंडिया की इस रिपोर्ट का कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह ने खंडन किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पार्टी के दफ्तर रुटीन चेकअप के लिए आई थी। और राहुल गांधी के बारे में इस तरह की खबर फैलाना ठीक नहीं है।
कांग्रेसियों ने जताई आपत्ति
रिपोर्ट के अनुसार पुलिस के एक अधिकारी ने जब राहुल के हुलिया के बारे में विस्तार से जानकारी मांगी तो दफ्तर में मौजूद लोगों ने उन्हें कुछ भी खास जानकारी नहीं दी। सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पुलिस जांच के बाद जब दफ्तर से वापस जा रही तब राहुल गांधी के मैनेजर ने उनकी एक फोटो भी खींची।
वहीं कांग्रेसी नेता पुलिस के इस दौरे से काफी हैरान हैं और नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। नेताओं का कहना है कि वह इस बात की जांच करांएगे कि पुलिस उनके दफ्तर में इस तरह से गैरजरूरी जांच के लिए क्यों आई थी। इसके पीछे पुलिस का क्या उद्देश्य है?
अगर पुलिस को उनके हुलिया और तस्वीर के बारे में किसी प्रकार की जानकारी चाहिए तो राहुल गांधी के बारे में इंटरनेट और संसद भवन में पूरा रिकॉर्ड मौजूद है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया क्यों की राहुल की पूछताछ
राहुल गांधी का हुलिया जानने के लिए पुलिस टीम का राहुल गांधी के दफ्तर जाने का मामले सियासी तूल पकड़ने पर दिल्ली पुलिस ने सफाई दी है। पुसिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने कहा है कि 12 मार्च को दो पुलिस वाले राहुल गांधी के दफ्तर गए थे जिनमें एक बीट कांस्टेबल भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अपने बीट कांस्टेबलों को निर्देश दे रखें हैं वे इलाके के सभी गणमान्य लोगों से संपर्क में रहें और इलाके के प्रमुख लोगों के बारे में अपने पास जानकारी रखें।
उन्होंने यह भी स्टपष्ठ किया कि पुलिस राहुल गांधी दफ्तर किसी गलत इरादे से नहीं गई थी। पुलिस सभी गणमान्य लोगों जानकारी लेती है चाहे वे अमित शाह हों, प्रधानमंत्री हों या सोनिया गांधी हों।