दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे अरविंद केजरीवाल और इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकताओं को पुलिस ने जबरन उठा दिया है। केजरीवाल अपने समर्थकों के साथ केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे।
इससे पहले केजरीवाल अपने समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जंतर मंतर पर रोक लिया। केजरीवाल अपने समर्थकों के साथ वहीं धरने पर बैठ गए। दोपहर बाद पुलिस ने अरविंद केजरीवाल, मनीष शिशोदिया और गोपाल राय को समर्थकों सहित धरना स्थल से बलपूर्वक हटा दिया। पुलिस इन्हें बस में बिठाकर बवाना ले गई है।
गौरतलब है कि केजरीवाल ने बुधवार को कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के खिलाफ सोनिया गांधी के घर का घेराव करने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में उनके कार्यक्रम में बदलाव हुआ और वह प्रधानमंत्री से मिलने की बात करने लगे। केजरीवाल का मुख्य निशाना इस समय सलमान खुर्शीद बने हुए हैं। खुर्शीद पर अपने एनजीओ में भ्रष्टाचार करने का आरोप है।
मालूम हो कि एक निजी टीवी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में खुर्शीद के डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा विकलांगों को सहायता उपकरण वितरित करने की आड़ में बडे़ पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी करने का खुलासा किया गया था। वहीं खुर्शीद का कहना है कि सब आरोप बेबुनियाद हैं।