लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में वाराणसी में यूपी कालेज के पास पैसे बांटने के आरोप में दिल्ली की जनकपुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके राजेश ऋषि को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने उनके पास से पांच हजार रुपये और लैपटाप बरामद किया। उधर, मंडुवाडीह के ककरमत्ता इलाके में बूथ पर प्रचार कर रहे आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता कृष्ण कुमार को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
कई अन्य स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रचार करने के दौरान पुलिस ने खदेड़ा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ता को पीटा
उदय प्रताप कालेज गेट से कुछ दूरी पर पेड़ के पास दोपहर के वक्त आम आदमी पार्टी के दो कार्यकर्ता खड़े थे। वे मतदाताओं से वोट देने की अपील कर रहे थे।
इसकी भनक जब भाजपा कार्यकर्ताओं को हुई तो उन्होंने एक की पकड़कर पिटाई कर दी और उसे पुलिस को सौंप दिया, जबकि दूसरा साथी भाग निकला।
पुलिस ने पकड़े गए कार्यकर्ता को जब हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि वह राजेश ऋषि हैं।
राजेश को पुलिस ने हिरासत में लिया
आगरा नाई की मंडी निवासी और आप के टिकट पर दिल्ली की जनकपुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके राजेश ऋषि पर भाजपाजनों ने आरोप लगाया कि वह सोमवार को दिन में करीब 11 बजे अपने समर्थकों के साथ यूपी कालेज गेट पर पहुंचे और मतदाताओं को आप प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए पैसे बांट रहे थे।
शिवपुर के इंस्पेक्टर का कहना है कि उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
राजेश के पास से 5 हजार रुपये बरामद
राजेश ऋषि के पास से लैपटाप और पांच हजार रुपये बरामद हुए हैं। उधर, मंडुवाडीह के ककरमता में कृष्णकुमार नामक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता को बूथ पर प्रचार करने के दौरान पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
इसके अलावा कैंट, कोतवाली, सिगरा आदि मुहल्लों में भी कई स्थानों पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार करने के दौरान पुलिस ने खदेड़ा।