ऐसा लगता है कि पैरामेडिकल छात्रा के साथ दरिंदगी के खिलाफ लोगों के गुस्से को कम करने के लिए सरकार अब इमोशनल रास्ता अख्तियार कर रही है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे जहां तीन-तीन बेटियां होने की बात कह रहे हैं, वहीं अब प्रधानमंत्री की पत्नी गुरशरण कौर ने गुनहगारों के लिए जल्द कड़ी सजा की वकालत की है। उन्होंने चलती बस में हुई दरिंदगी की इस घटना की निंदा करते हुए सड़कों पर हो रहे विरोध प्रदर्शन को जायज ठहराया है। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्वक प्रदर्शन की अपील की है।
सोमवार को प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी तीन-तीन बेटियां हैं। इससे पहले शिंदे और गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह यही बात कह चुके हैं। उधर, सोमवार को एक कार्यक्रम के बाद गुरशरण कौर ने कहा कि यह बहुत घिनौनी घटना है। इसे शब्दों से बयान करना मुश्किल है। इस घटना से गुस्सा आना स्वाभाविक है, मगर विरोध शांतिपूर्वक होना चाहिए। शांति होगी तभी बेहतर रास्ता निकलेगा।
उन्होंने कहा कि नि:संदेश जो हुआ बुरा हुआ। मगर हम शांति चाहते हैं। दोषियों को कड़ी सजा होनी चाहिए। बलात्कार के मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होने के सवाल पर कौर ने कहा कि ऐसे मामलों को निपटाने में देरी नहीं होनी चाहिए। दरअसल, जनता के गुस्से को शांत करने के लिए सरकार सभी तरह के कदमा उठा रही है। एक तरफ प्रशासनिक तौर पर कदम उठाए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ भावनात्मक रूप से जनता से जुड़ कर उन्हें शांत करने की कोशिश होती दिख रही है।