भगत सिंह को शहीद का दर्जा दिए जाने का कोई रिकार्ड नहीं होने पर मचे विवादों पर शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गृह मंत्रालय के बचाव में उतर आए।
उन्होंने शनिवार को जोर देकर कहा कि शहीद-ए-आजम किसी सरकारी रिकार्ड के मोहताज नहीं हैं। एक आरटीआई के जवाब में मंत्रालय ने कहा था कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को शहीद घोषित किए जाने का कोई सरकारी रिकार्ड नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘इस विवाद से देश को ठेस पहुंची है। हम स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के आभारी हैं। देश की आजादी के लिए लड़ने वाले भगत सिंह शहीद हैं।
उनकी शहादत सरकारी रिकार्ड में रखने या न रखने पर निर्भर नहीं करती।’ उन्होंने लोगों से ऐसे विवादों से बचने की अपील की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र शहीद भगत सिंह और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का आभारी है जिन्होंने देश के भविष्य के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी। उल्लेखनीय है कि शहीद भगत सिंह के प्रपौत्र यादवेंद्र सिंह ने सरकार से शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग की है।