रेल बजट से पहले ही माता वैष्णो देवी मंदिर का दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उधमपुर-कटरा रेल मार्ग का उद्घाटन करने के रेल मंत्रालय के अनुरोध को स्वीकार करते हुए 4 जुलाई का समय दिया है।
उद्घाटन कार्यक्रम में रेल मंत्री सदानंद गौड़ा भी शिरकत करेंगे। इस रेल मार्ग पर परिचालन शुरू होते ही तीर्थयात्री सीधे कटरा पहुंच सकेंगे जहां से मंदिर के दर्शन के लिए पैदल यात्रा शुरू होती है।
उल्लेखनीय है कि रेल संरक्षा आयुक्त ने बीते रविवार को 25 किमी. लंबे इस रेल मार्ग पर ट्रेन परिचालन की अनुमति दे दी थी। इसके बाद रेल मंत्रालय ने इस रेल मार्ग का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया था।