रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज उनका मन 'मन की बात करने का नहीं हो रहा है, नेपाल और भारत के कुछ हिस्सों में भूकंप से हुई तबाही से वे व्यथित हैं।
आगे उन्होंने कहा कि 'मैंने 2001 में कच्छ के भूकंप की तबाही को बहुत करीब से देखा है, और मैं समझ सकता हूं कि नेपाल के लोगों पर इस वक्त क्या बीत रही होगी। मोदी ने कहा इस दुख की घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है, नेपाल का दुख भारत का दुख है। भारत हर नेपाली के आंसुओं को पोंछेगा, लोगों को बचाया जाऐगा।
मोदी ने बताया कि भूकंप से नेपाल और भारत में हुए जान-माल के नुकसान के लिए सरकार हर संभव मदद करेगी। नेपाल के लिए भारत से राहत व बचाव दल समेत मलबे में दबे शवों को निकालने के लिए स्नीफर डॉग की एक टीम भी भेजी जा चुकी है।