प्रतिष्ठित टाइम पर्सन आफ द ईयर-2014 के लिए वोटिंग शुरू होते ही अमेरिकी विदेश मंत्री जान कैरी और नोबल सम्मान पाने वाली मलाला युसुफजई को पीछे छोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नंबर एक की दौड़ में पहुंच गए हैं।
बृहस्पतिवार शाम को रूस के राष्ट्रपति पुतिन (7.9 प्रतिशत) के बाद उन्हें सबसे ज्यादा वोट (6.5 फीसदी) मिल चुके थे। टाइम मैगजीन ने पहली बार फेसबुक और ट्विटर जैसी सोशल साइट के जरिए भी वोटिंग की सुविधा दी है।
इस बार जो 50 लोग या संगठन टाइम पर्सन आफ द ईयर के लिए दौड़ में हैं उनमें आतंकी संगठन आईएसआईएस का मुखिया अबू बकर अल बगदादी और ईबोला वायरस से लड़ रहे डाक्टर-नर्सें भी शामिल हैं।
शी जिनपिंग, जान केरी, हिलेरी क्लिंटन और पोप फ्रांसिस से लेकर बोको हरम की शिकार लड़कियों को इस लिस्ट में जगह मिली है। वोटिंग तीन दिन पहले शुरू हुई है और आगामी 6 दिसंबर तक वोट किया जा सकता है।
वोटिंग में सबसे लोकप्रिय शख्सियत का खुलासा 8 दिसंबर को होगा। हालांकि कई और मापदंडों पर परखने के बाद संपादकमंडल 10 दिसंबर को टाइम पर्सन आफ द ईयर का ऐलान करेगा।