संसद के शीतकालीन सत्र से पहले एफडीआई जैसे विभिन्न मुद्दों पर रणनीति तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को संप्रग के नेताओं को रात्रि भोज न्योता दिया है।
संसद का शीतकालीन सत्र अगले सप्ताह से शुरू हो रहा है। यह लगभग एक महीने चलेगा। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने कुछ दिनों पहले ही समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के नेताओं के साथ भी भोज बैठकें की थी।
मनमोहन ने पिछले सप्ताह सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को रात्रिभोज दिया था। रविवार को बसपा प्रमुख मायावती को दिन के भोजन पर आमंत्रित किया था।
संसद में एफडीआई मुद्दे पर विपक्ष की ओर से मत विभाजन के प्रावधानों के तहत चर्चा कराने या अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने से संशंकित प्रधानमंत्री सहयोगी दलों और सरकार को बाहर से समर्थन दे रहे दलों से ताल मेल बिठाने का प्रयास कर रहे हैं।
वामदलों ने एफडीआई पर मत विभाजन के नियमों के तहत संसद में चर्चा कराने के प्रस्ताव का नोटिस दिया है। इसके अलावा भाजपा, जदयू और इस मुद्दे पर संप्रग से अलग हुई तृणमूल कांग्रेस ने भी ऐसे ही नोटिस दिए हैं।