फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनिया से मिले कुरियन, इस्तीफे की अटकलें तेज

Thu, 14 Feb 2013 03:35 PM IST
नई दिल्ली/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
सूर्यनेल्ली गैंगरेप मामले में आरोपों का सामना कर रहे राज्यसभा के उप सभापति पीजे कुरियन ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर खुद पर लग रहे आरोपों को लेकर सफाई दी।
विज्ञापन


एक निजी समाचार चैनल के अनुसार इस मुलाकात के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि कुरियन से इस्तीफा मांगा जा सकता है। हालांकि कांग्रेस सूत्रों के अनुसार इस पर औपचारिक निर्णय होना बाकी है। इससे पहले कुरियन सोनिया गांधी और राज्यसभा के उपसभापति हामिद अंसारी को पत्र लिखकर भी सफाई दे चुके हैं।

बुधवार को कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा देने से इनकार करते हुए कहा था कि इस विवाद के पीछे उनके राजनीतिक विरोधियों की साजिश है। मामले में आए नए मोड़ पर कुरियन ने कहा कि इस तथाकथित नए खुलासे में कुछ भी नया नहीं है।
विज्ञापन


ये वही आरोप हैं जिनकी जांच कोर्ट कर चुका है और इन्हें गलत बता चुका है। मुझे इस्तीफा देने की कोई जरूरत नहीं है। मुझे कोर्ट ने निर्दोष बताया है। क्या किसी को इस लिए इस्तीफा दे देना चाहिए कि कोई दोषी करार व्यक्ति आरोप लगा रहा है।

दूसरी ओर कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस कांफ्रेस के दौरान बुधवार को जब पार्टी प्रवक्ता पीसी चाको से पूछा गया कि क्या वे कुरियन को लेकर दिए गए अपने पहले के बयान पर कायम हैं, तो वे टाल मटोल कर गए। कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि कुरियन को हटाने की मांग पर पार्टी संसद के बजट सत्र से पहले फैसला कर लेगी।

माना जाता है कि चाको के अपने ही राज्य केरल के कुरियन से अच्छे संबंध नहीं हैं। पत्रकारों के ज्यादा जोर देने पर उन्होंने कहा कि मैने केरल में जो कहा, उसका संबंध केरल से है। पार्टी के दृष्टिकोण के बारे में मेरे साथी संदीप दीक्षित ने साफ तौर पर जानकारी दे दी है।

चाको के बयान को संदीप दीक्षित ने उनकी निजी राय बताया था। चाको ने कुरियन से जुड़े किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। उन्होंने वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे से जुड़े भाजपा के हमले तक ही खुद को सीमित रखा। बाद में कुरियन के मामले में उन्होंने कहा कि दोबारा जांच के मामले में पहले केरल सरकार को फैसला लेना है। इसके बाद पार्टी की भूमिका आती है।

ज्ञात हो कि वर्ष 1996 में 16 वर्ष की आयु में गैंगरेप की शिकार हुए एक महिला का 72 वर्षीय कुरियन पर आरोप है कि रेप के समय वह भी उन 42 लोगों में शामिल थे, जिन्होंने उसके साथ बलात्कार किया था। केरल में सूर्यनेल्ली की रहने वाली यह महिला अब 33 साल की है। इन आरोपों के बाद भाजपा ने मांग की थी कि कुरियन को नैतिक आधार पर राज्यसभा के उप सभापति पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें