अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में आई गिरावट के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 1.51 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। हालांकि मासिक नियमित बढ़ोतरी के तहत डीजल का भाव 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिया गया है। नई कीमतें शनिवार आधी रात से लागू होंगी।
पिछले एक माह में तीसरी बार पेट्रोल की कीमत घटाई गई है। दिल्ली में वैट के साथ पेट्रोल की कीमत में 1.82 रुपये प्रति लीटर की कमी आएगी और रविवार से इसकी कीमत 70.33 रुपये से घटकर 68.51 रुपये हो जाएगी।
दूसरी तरफ डीजल को बाजार मूल्य से जोड़ने की नीति के तहत नियमित कीमत वृद्धि जारी रखी गई है। दिल्ली में वैट के साथ डीजल का भाव 57 पैसा प्रति लीटर बढ़कर 58.97 रुपये हो जाएगा। गैर सब्सिडी युक्त सिलेंडर का दाम 920 रुपये से घटकर 901 रुपये हो गया है।