अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत में गिरावट को देखते हुए बृहस्पतिवार आधी रात के बाद से पेट्रोल की कीमत में 1.89 से 2.38 रुपये प्रति लीटर की कमी करने की घोषणा की गई है।
तेल मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। वर्ष 2010 में पेट्रोल की कीमत नियंत्रण मुक्त किए जाने के बाद से संभवत: पहली बार किसी मंत्री ने दाम में कटौती की घोषणा की है।
अब दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.18 रुपये घटकर 70.33 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। इससे पहले मंगलवार को इंडियन ऑयल के चेयरमैन बी अशोक ने स्वतंत्रता दिवस से दाम घटने का संकेत दिया था।
एक अगस्त को पेट्रोल कीमत में 1.09 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई थी। डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मासिक आधार पर एक सितंबर को इसकी कीमत की समीक्षा की जानी है।