देशवासियों के लिए खुशखबरी है, एक बार फिर से पेट्रोल और डीजल के दामों में कटौती की गई है। हालांकि दिल्ली वालों को इसका ज्यादा फायदा नहीं मिल सकेगा।
केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में प्रति लीटर दो रुपये की कटौती की है। इस कटौती में स्थानीय स्तर पर लगाई जाने वाली लेवी शामिल नहीं है। सरकारी तेल कंपनियों की ओर से इस महीने पेट्रोल और डीजल के दाम में यह दूसरी कटौती है।
पेट्रोल और डीजल की घटी हुई दरें बुधवार आधी रात से लागू हो गई। पेट्रोल और डीजल के घटे हुए दामों का असर पूरे देश में पड़ेगा लेकिन अरविंद केजरीवाल सरकार की ओर से वैट दर बढ़ाए जाने की वजह से राजधानी दिल्ली के लोगों को इस कटौती का लाभ नहीं मिलेगा।
दरअसल दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने बजट के बाद दिल्ली की जनता को महंगाई का करारा झटका देते हुए पेट्रोल और डीजल पर वैट बढ़ा दिया। जिसके चलते इनकी कीमतों में बढ़ोतरी हो गई। हालांकि देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें गिरने से दिल्ली के लोगों की जेब में ज्यादा चपत नहीं लगेगी।