यूपी के सहारनपुर में जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में सोमवार रात एक मरीज को इमरजेंसी में भर्ती करने आए तीमारदार ने बेड न मिलने पर एक स्टाफ नर्स से अभद्रता की और मारपीट करते हुए नर्स के कपड़े फाड़ दिए गए।
इस घटना के बाद थाना जनकपुरी में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई। इसके साथ ही बुधवार को कुछ नर्सें एसएसपी से मिली और ड्यूटी के दौरान सुरक्षा दिलाने की मांग की।
राजकीय नर्सेज संघ की मंडल अध्यक्ष सुनयना आलम और कुछ अन्य नर्सों ने बताया कि सोमवार रात इमरजेंसी में ड्यूटी के समय साढ़े तीन साल का मरीज अबुल तलहा भर्ती था।
मरीजों की अधिक भीड़ के कारण उसे दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसके साथ आए रिश्तेदारों ने इसे लेकर हंगामा शुरू कर दिया। एक स्टाफ नर्स संतोष के साथ अभद्रता की गई।
एसएसपी से मिलने पहुंचीं नर्सें
मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ डाले। अन्य स्टाफ के बीचबचाव से मामला शांत किया गया। इसी मामले में बुधवार को एसएसपी से मिलने पहुंची नर्सों में राजकीय नर्सेज संघ की मंडल अध्यक्ष सुनयना आलम, वरिष्ठ लिपिक देव कुमार सहित अन्य ने कहा कि घटना के बाद थाना जनकपुरी में तहरीर दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि नर्सें तमाम जोखिम उठाकर मरीजों की सेवाएं कर रही हैं। इसके बावजूद अक्सर उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले सामने आते रहे हैं।
उन्होंने एसएसपी से मांग की कि जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में एक दो पुलिसकर्मियों या होमगार्ड की ड्यूटी लगाने की बजाय यहां चौकी स्थापित की जाए।
एसएसपी ने आश्वस्त किया कि इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।नर्सों की ओर से अस्पताल की महिला चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा ने भी यहां नियमित पुलिस चौकी की मांग की है। घटना पर रोष जताने वालों में आशा राबर्ट, शकुंतला चौहान, परवीन, अनिरुद्ध नायर, संतोष, ज्योति, नीलम चावला, नीलम कपूर, कमलेश, मंजू, सीमा आदि शामिल रहे।