यूपी के मुरादाबाद में मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव गोविंद पुर खुर्द में सादा कपड़ों में दबिश देने गए कटघर थाने के तीन सिपाहियों को बदमाश समझकर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। एक बदमाश को प्राइवेट कार में डालकर ले रहे पुलिस वालों पर पब्लिक ने पथराव और फायरिंग कर दी।
बदमाश को छुड़ा लिया और तीनों सिपाहियों को दौड़ाकर पीटा। भीड़ ने एक सिपाही का सिर फोड़ दिया जबकि दूसरे की आंख गंभीर रूप से जख्मी हो गई है।
गोविंदपुर से बचकर भागे पुलिस वालों को पड़ोस के गांव वीरपुर थान में भी ग्रामीणों ने पकड़ा और जमकर मार लगाई। ग्रामीणों ने गांव में बदमाश घुसने की सूचना मूंढापांडे पुलिस को दी।
जिसके बाद तीनों सिपाहियों को भीड़ के चंगुल से निकाला गया। बवाल पर काबू करने के लिए पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की। मूंढापांडे थाने के एक चौकी इंचार्ज भी पथराव में घायल हो गए। एसएसपी नितिन तिवारी समेत तमाम अफसर देर रात मौके पर डटे थे।
कटघर थाने के तीन कांस्टेबिल प्रेम, राजन और तौसीफ सादा कपड़ों में प्राइवेट कार से मूंढापांडे के गांव गोविंदपुर खुर्द में दबिश देने गए थे। एक मुखबिर भी इनके साथ में था।
युवक के अपहरण का मचा शोर
बुधवार को शाम करीब सात बजे एक घर में दबिश देकर तीनों सिपाहियों ने अतीक नाम के एक युवक को पकड़ लिया। अतीक को कार में डालकर जैसे ही तीनों सिपाही आगे बढ़े, गांव वालों ने बदमाशों के घुसने और युवक का अपहरण कर ले जाने का शोर मचा दिया।
सिपाही बदमाश को लेकर कार से भागे लेकिन ग्रामीणों ने पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। गोविंद पुर से करीब तीन किमी आगे स्थित वीरपुर थान गांव में ग्रामीणों ने सिपाहियों की कार रुकवा ली और अतीक को छुड़ाने के बाद सिपाहियों की पिटाई शुरू कर दी।
तीनों सिपाहियों और मुखबिर को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर करीब घंटाभर तक पीटा। सूचना पर मय फोर्स पहुंचे मानपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह पुंडीर ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की कि कार सवार लोग बदमाश नहीं, पुलिस हैं।
लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी और उन पर भी हमला बोल दिया। ग्रामीणों और पुलिस के बीच फायरिंग हुई जिसके बाद सिपाहियों को छुड़ाया गया।
हमले में तौसीफ की बाईं आंख गंभीर रूप से जख्मी हुई है, प्रेम का सिर फट गया जबकि राजन को भी चोट आई है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव में एसआई राजेंद्र सिंह भी जख्मी हो गए।
बदमाश को छुड़ाकर सिपाहियों को बनाया बंधक
कटघर थाने के तीन सिपाही एक मुखबिर के साथ दबिश देने मूंढापांडे के गांव में गए थे। तीनों सादा कपड़ों में थे और इनके पास प्राइवेट कार थी। गोविंदपुर से तीनों ने एक बदमाश को उठाया और कार में डालकर चले, लेकिन ग्रामीणों ने बदमाश बताकर शोर मचा दिया।
युवक का अपहरण कर ले जाने की अफवाह पर पड़ोस के गांव वीरपुर थान में ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला बोला और बदमाश को छुड़ाकर सिपाहियों को बंधक बना लिया।
स्थानीय पुलिस के पहुंचने पर भी ग्रामीण नहीं माने और उनके साथ संघर्ष किया, कुछ लोगों को पकड़ा गया है। बिना बताए दबिश देने पर सिपाहियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
- नितिन तिवारी, एसएसपी।