राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के दावे को इस साल का सबसे बड़ा मजाक करार दिया।
उद्धव ने दावा किया था कि उन्होंने ही एनडीए में एनसीपी को आने से रोका था। इस पर पवार ने कहा कि वह स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे को जानते हैं। वह एक परिपक्व व्यक्ति थे। उन्हें दुख होता है कि बाला साहब द्वारा स्थापित एक संगठन को चलाने की जिम्मेदारी एक ऐसे व्यक्ति ने उठा रखी है जिसकी सोच ऐसी है कि वह गैर जिम्मेदाराना बयान देता है। यही कारण है उनका संगठन दिन प्रति दिन कमजोर होते जा रहा है।
एनसीपी प्रमुख ने कहा कि उद्धव को कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी एक साथ अच्छा काम कर रही है। महाराष्ट्र में हमारी सरकार चल रही है इसलिए वे परेशान हैं और इस तरह के बयान दे रहे हैं।
शिव सेना के मुखपत्र सामना ने छपे एक इंटरव्यू में उद्धव ने कहा है कि उन्होंने और सहयोगी दल के अन्य नेताओं ने एनडीए में एनसीपी के शामिल होने की कोशिश पर पानी फेर दिया था।